लोकसभा चुनाव 2024: दो अप्रैल को जीत का माहौल बनाने रुद्रपुर आ रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। इन दिनों प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रदेश की पांच लोकसभा सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 56 प्रत्याशी इस बार चुनाव के मैदान में हैं। प्रदेशभर में इस बार 83 लाख से अधिक मतदाता लोकसभा चुनाव में मतदान करेंगे।

इधर, जनता को अपने पाले में करने के लिए राजनीतिक दलों ने भी पूरी तैयारी कर ली है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की पहली बड़ी चुनावी जनसभा रुद्रपुर में होने जा रही है। जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होने जा रहे हैं। रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश है।

वहीं, पार्टी के पदाधिकारी रैली की सफलता की तैयारियों में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री की इस रैली के दौरान पांचों लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहेंगे।

आज भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में लोकसभा प्रभारी बलवंत सिंह भौर्याल ने विधानसभा के संयोजक और प्रभारियों के साथ रैली की सफलता को लेकर बैठक की। वहीं, पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक रुद्रपुर में भी हुई जिसमें रैली की तैयारियों और आम जनता को रैली में अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने को लेकर रणनीति बनाई गई।

इधर, जैसे ही प्रधानमंत्री के दो अप्रैल की जनसभा को जानकारी जैसे ही सामने आई तो हल्द्वानी तिकोनिया स्थित चुनाव कार्यालय में भी हलचल बढ़ गई।

यहां मौजूद पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि रैली के प्रचार प्रसार और आम जनता को रैली से जोड़ने की तैयारियों पर पूरे दमखम से काम चल रहा है। कई लोग कार्यालय में आकर रैली में शामिल होने के बारे में भी पूछ रहे हैं। इस दौरान राजेंद्र अग्रवाल, नवीन पंत, कमल पांडे, विनोद मेहरा, वीरेंद्र जायसवाल आदि मौजूद रहे।

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें