
बागेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। गुस्सा जब विवेक पर हावी हो जाए तो उसके परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं, इसका दर्दनाक उदाहरण शनिवार सुबह देखने को मिला। एक ऐसी घटना, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी और हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।
शनिवार सुबह राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य की दिनदहाड़े धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। स्कूल जाते समय रास्ते में हुए इस हमले से शिक्षा महकमे और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। विद्यालय जा रहे प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (56 वर्ष), निवासी सैंज, की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह विद्यालय के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक अपनी गाड़ी से पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, शिक्षा जगत ने एक अनुभवी प्रधानाचार्य को खोने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।









