हल्द्वानी: स्मार्ट मीटर पर डीएम का बड़ा फैसला, उपभोक्ता संतुष्ट होने तक नहीं हटेगा पुराना मीटर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने की प्रगति की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हल्द्वानी (नगर) खंड में 49.5 प्रतिशत, हल्द्वानी (ग्रामीण) खंड में 35.8 प्रतिशत, रामनगर खंड में 55.67 प्रतिशत तथा नैनीताल खंड में 38.4 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। साथ ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का लगातार निस्तारण भी किया जा रहा है।

Ad

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ता अपने पुराने मीटर को ‘चेक मीटर’ के रूप में उपयोग कर सकेंगे। उपभोक्ता पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही पुराना मीटर हटाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की आशंका या विवाद की स्थिति न बने।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को 30 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में बिजली चोरी की शिकायतें अधिक हैं, वहां विभागीय प्रवर्तन दल द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर विद्युत हानि कम करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता ई. रवि कुमार राजौरा, अधिशासी अभियंता नैनीताल ई. एस.के. सहगल, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) ई. एस.के. गुप्ता, अधिशासी अभियंता (नगर) हल्द्वानी ई. प्रदीप कुमार तथा अधिशासी अभियंता रामनगर ई. गोविंद सिंह कार्की उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें