
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। गंभीर और जानलेवा मानी जाने वाली महाधमनी (एओर्टा) की सूजन (एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म) से पीड़ित कुसुमखेड़ा निवासी 68 वर्षीय केदारनाथ गोस्वामी को बिना बड़ी सर्जरी के नई जिंदगी मिली है। ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अत्याधुनिक EVAR (एंडोवैस्कुलर एन्यूरिज्म रिपेयर) तकनीक से सफल उपचार कर मरीज को स्वस्थ कर दिया।
अस्पताल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि मरीज श्री केदार नाथ तेज पेट दर्द और कब्ज की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
शुरुआती तौर पर मामला सामान्य लग रहा था, लेकिन जांच में पता चला कि पेट की मुख्य धमनी में खतरनाक सूजन बन चुकी थी, जो दोनों ओर की धमनियों तक फैल गई थी। यह स्थिति किसी भी समय धमनी फटने का कारण बन सकती थी और मरीज की जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। मरीज को किडनी में पथरी सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं।
डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए EVAR तकनीक अपनाई। इस आधुनिक प्रक्रिया में बिना बड़ी सर्जरी किए रक्त वाहिकाओं के रास्ते विशेष स्टेंट ग्राफ्ट डालकर कमजोर धमनी को सुरक्षित किया जाता है। उपचार पूरी तरह सफल रहा और मरीज को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि एओर्टा की सूजन बेहद खतरनाक होती है और इसके लक्षण कई बार देर से सामने आते हैं। समय पर जांच और उपचार नहीं मिलने पर धमनी फट सकती है, जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, धूम्रपान करने वाले और बुजुर्ग लोगों को यदि लगातार पेट या पीठ में दर्द रहे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए।
इस अवसर पर एस.के. नर्सिंग होम एंड हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन एवं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. देवाशीष गुप्ता ने भी लोगों से अपील की कि लगातार पेट या पीठ दर्द को सामान्य समझकर अनदेखा न करें। समय रहते जांच और सही इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
हर महीने हल्द्वानी में लगेगी विशेषज्ञों की ओपीडी
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने घोषणा की कि अब हल्द्वानी में हर महीने विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी आयोजित की जाएगी। इससे उत्तराखंड के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित अस्पताल में उन्नत उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
गोल्डन कार्ड धारकों को भी मिलेगा लाभ
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि उत्तराखंड के गोल्डन कार्ड धारक मरीज भी यथार्थ हॉस्पिटल में उपलब्ध पात्र उपचार और परामर्श सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।









