
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले को वर्षभर संचालित करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य तेज कर दिए गए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से चम्पावत जिले में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलने के साथ पड़ोसी पिथौरागढ़ जिले को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ककराली गेट से ठूलीगाड़ होते हुए भैरव मंदिर तक 18.875 किलोमीटर सड़क को चौड़ा और पक्का करने के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें से 457.26 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं।
अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल के अनुसार, सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जाएगा और हॉटमिक्स तकनीक से पक्का किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाएगा, जिससे पूर्णागिरि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
वहीं, पूर्णागिरि मंदिर तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए किरोड़ा नाले पर ब्रिडकुल की ओर से दो पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें एक पुल 480 मीटर और दूसरा 120 मीटर लंबा है। करीब 47 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का काम तेजी से चल रहा है।
परियोजना प्रबंधक आकाश भट्ट ने बताया कि प्राकृतिक परिस्थितियों और वन भूमि हस्तांतरण में देरी के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो दोनों पुलों का निर्माण सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
पूर्णागिरि क्षेत्र में रोपवे निर्माण और ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक विद्युत प्रकाश व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन को उम्मीद है कि सभी प्रमुख परियोजनाएं समय पर पूरी होने से वर्ष 2028 से पूर्णागिरि मेले को सालभर संचालित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित हो सकते हैं।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











