Haldwani: बनभूलपुरा में चला प्रशासन का बुलडोजर, नालों पर बने 20 से अधिक अवैध अतिक्रमण ध्वस्त

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मानसून के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।

Ad

अधिकारियों ने बताया कि नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण के कारण बरसात का पानी सुचारु रूप से नहीं निकल पा रहा था, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

जनहित को देखते हुए प्रशासन ने पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कार्रवाई नहीं होने पर संयुक्त अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया।

अभियान के दौरान नालों और नालियों पर बने 20 से अधिक पक्के अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर जल निकासी मार्ग को साफ कराया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी अवैध अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के सभी प्रमुख नालों, नालियों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों से सार्वजनिक नालों, नालियों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चरणबद्ध तरीके से अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।

इस दौरान प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें