उत्तराखंड: बद्रीनाथ और मंगलौर उपचुनाव में भाजपा का घमंड चकनाचूर, जनता ने कांग्रेस को दी जीत

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर उत्तराखंड में विधायक और सांसद बनने का जादू अब जनता के बीच फीका पड़ने लगा है।

उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों पर भरोसा कर भाजपा को करारी हार दी है। मंगलौर सीट पर बसपा की ओर से दिवंगत विधायक सरवत करीम अंसारी के पुत्र उबेदुर्रहमान को शिकस्त का सामना करना पड़ा।

बद्रीनाथ से कांग्रेस के लखपत बुटोला और मंगलौर से काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने जीत हासिल कर कांग्रेस परिवार में खुशी की लहर दौड़ा दी है। वहीं नतीजे आने के बाद भाजपा सदमे में है। मोदी लहर की नाव में सवार भाजपा के धुरंधर अब यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर जनता जागरूक हुई तो हुई कैसे?

आलम यह है कि अब भाजपा के धुरंधर यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि हार का ठीकरा किसके सर फोड़ें।

10 जुलाई को हुए उपचुनाव में आज आए नतीजों में एक बार फिर उत्तराखंड की जनता ने यह साबित कर दिया कि वह पाला बदलू नेताओं को अब बर्दास्त नही करेगी। आज बद्रीनाथ सीट पर जनता का नतीजा सामने है। यहां ऐन लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को डूबता जहाज समझकर दामन छोड़ने वाले कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी ने भाजपा का दामन थाम लिया था।

उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा में जाकर भी वह दोबारा से विधायक बन जाएंगे। लेकिन जनता ने भंडारी का सारा भ्रम तोड़ दिया। अब वह पूर्व विधायक बनकर रह गए हैं, वहीं जनता ने कांग्रेस के समर्पित सिपाही लखपत सिंह बुटोला को विजयी बनाकर ये साफ कर दिया कि वह अब दल बदलू नेताओं को किसी सूरत में बर्दास्त नहीं करेगी।

ऐसा ही हाल भाजपा के मंगलौर विधानसभा सीट से प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना का भी हुआ।

मंगलौर विधानसभा में उत्तराखंड से भाजपा को कोई प्रत्याशी तक नहीं मिला। जिसके बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विधायक रह चुके भड़ाना को मंगलौर सीट से प्रत्याशी बनाया। बड़ी बात यह है कि करतार सिंह भड़ाना ने भी लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। भड़ाना ने भी मोदी नाम वाली भाजपा में सवार होकर विधायक बनने का सपना देखा था जिसे जनता ने चकनाचूर कर दिया।

बहरहाल, कांग्रेस का मंगलौर सीट से काजी मोहम्मद निजामुद्दीन और बद्रीनाथ सीट से प्रत्याशी लखपत बुटोला पर दांव सफल रहा। इन दोनों ही सीटों पर अब कांग्रेस की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उसे जनता की उम्मीदों में खरा उतरना होगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
2
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें