
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने काठगोदाम–देहरादून एक्सप्रेस (12092/12091) के संचालन दिनों में बदलाव किया है। नया शेड्यूल 3 अगस्त से लागू होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि अब 12092 काठगोदाम–देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी। यानी यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी।
इसी बदलाव के तहत 12091 देहरादून–काठगोदाम एक्सप्रेस भी सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को ही संचालित की जाएगी। रेलवे का कहना है कि संचालन व्यवस्था में संशोधन यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संचालन को ध्यान में रखकर किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में रेल मंत्रालय ने रामनगर–देहरादून द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस को मंजूरी दी है। ऐसे में कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।





