
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। अटूट आस्था के केंद्र श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा हो गई है। आगामी 23 मई को देश विदेश के श्रद्धालुओं को धाम के दीदार करने का अवसर मिलेगा।
हेमकुंड साहिब, उत्तराखंड के चमोली जिले में लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक पवित्र सिख तीर्थ स्थल है। यह दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी को समर्पित है और चारों तरफ से सात पर्वत चोटियों से घिरी ‘हेमकुंड झील’ के किनारे स्थित है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा गुरुद्वारा माना जाता है, जहाँ मई से अक्टूबर के बीच श्रद्धालु दर्शन करते हैं।
सोमवार को सचिवालय में श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर बिंद्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि श्रीहेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।
भेंट के दौरान आगामी यात्रा व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी लेते हुए हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा इसके लिए स्थानीय प्रशासन को भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









