
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब रामनगर-दिल्ली सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस का पीरुमदारा हाल्ट पर भी ठहराव होगा, जिससे क्षेत्रीय लोगों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि 25035/25036 रामनगर-दिल्ली-रामनगर उत्तराखण्ड सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस को पीरुमदारा (हाल्ट) स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत 25036 रामनगर-दिल्ली सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस पीरुमदारा स्टेशन पर सुबह 09:58 बजे पहुंचेगी और 09:59 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं 25035 दिल्ली-रामनगर सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस रात 20:33 बजे पहुंचेगी और 20:34 बजे आगे के लिए रवाना होगी। अन्य सभी स्टेशनों पर गाड़ी का संचालन पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही होगा।
इस ठहराव से क्षेत्रीय जनता को व्यापार, इलाज, नौकरी और शिक्षा के लिए मुरादाबाद व दिल्ली तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी, जिससे आवागमन पहले के मुकाबले अधिक आसान हो जाएगा।





