
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के सुनहरे अवसर सामने आए हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने दो महत्वपूर्ण भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी करते हुए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने बहुप्रतीक्षित वन दरोगा भर्ती का अंतिम चयन परिणाम भी घोषित कर दिया है, जिससे चयनित अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है। यह परीक्षा 22 जून को हुई थी। चयनितों की शारीरिक मापजोख 20 से 22 नवंबर के बीच कराई गई थी। इसके बाद अभिलेख सत्यापन 26 नवंबर से एक दिसंबर के बीच कराई गई थी। अब आयोग ने अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। 120 अभ्यर्थियों का परिणाम वन विभाग को भेज दिया गया है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधिष्ठान में समूह-ग के अंतर्गत वैयक्तिक सहायक के 11 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 14 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का अवसर 20 से 29 जनवरी के बीच प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, आयोग ने गृह विभाग के अंतर्गत विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) में वैज्ञानिक अधिकारी के तीन पदों पर भर्ती की घोषणा भी की है। इस भर्ती के लिए 30 दिसंबर से 19 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में सुधार की सुविधा 27 जनवरी से 5 फरवरी तक उपलब्ध रहेगी। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों को अपने प्रमाणपत्रों की स्व-प्रमाणित छायाप्रति तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट 20 फरवरी तक आयोग कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा।
इन भर्तियों के साथ ही राज्य सरकार और आयोग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।









