मां नंदा के स्वागत को तैयार नैनीताल… आस्था और लोक संस्कृति का महापर्व 16 सितंबर से

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल की पहचान और जनआस्था का प्रतीक 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव इस वर्ष 16 से 23 सितंबर तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

मेले को स्थानीय लोक संस्कृति, पारंपरिक स्वरूप और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ यादगार बनाने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

Ad

बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नंदा देवी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनपद की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित होंगे और स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से ‘हाउस ऑफ हिमालया’, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉल आवंटन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी गई है।

प्लास्टिक मुक्त होगा मेला, रोशनी से जगमगाएगा नैनीताल

जिलाधिकारी ने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। नगर पालिका को पूरे शहर, विशेषकर ठंडी सड़क और मेला क्षेत्र में समय से पहले आकर्षक विद्युत सजावट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डोला मार्ग होगा दुरुस्त, डीएसए मैदान में नहीं होगा जलभराव

लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से डोला मार्गों का निरीक्षण कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। लोअर मॉल रोड को भी मेले से पहले सुचारु करने को कहा गया। ग्रामीण निर्माण विभाग को डीएसए मैदान में जलभराव रोकने और कीचड़ से बचाव के लिए आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सफाई, स्वास्थ्य, पेयजल और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

मेले के दौरान सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, टैंकर एवं स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाएगा, जहां आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।

विद्युत विभाग को झूलते तार ठीक करने और वन विभाग को मार्गों में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई (लोपिंग) करने के निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष यातायात व्यवस्था

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस विभाग को सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसों और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।

मुख्य मेले के दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान है। सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि यह आयोजन भव्य, सुरक्षित और यादगार बन सके।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें