
टनकपुर, प्रेस 15 न्यूज। बरेली सिटी यार्ड में रेलवे द्वारा निर्माण कार्य कराए जाने के कारण टनकपुर-बरेली मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को कुछ स्टेशनों के बीच निरस्त करने का निर्णय लिया है। इससे 12 और 13 मई को यात्रा करने वाले यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बरेली सिटी यार्ड में स्थित समपार संख्या 248/स्पेशल (श्मशान भूमि) पर एलएचएस निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी कारण कुछ ट्रेनों का संचालन शॉर्ट-टर्मिनेट और शॉर्ट-ओरिजनेट किया जाएगा। इसकी जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने दी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 05307 टनकपुर-बरेली जंक्शन मेला स्पेशल गाड़ी 12 मई 2026 को इज्जतनगर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन इज्जतनगर और बरेली जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।
वहीं 05308 बरेली जंक्शन-टनकपुर मेला स्पेशल गाड़ी 13 मई 2026 को बरेली जंक्शन के बजाय इज्जतनगर स्टेशन से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन बरेली सिटी और इज्जतनगर के बीच निरस्त रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।





