
नई दिल्ली, प्रेस 15 न्यूज। महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने एक बार फिर दस्तक दी है। तेल विपणन कंपनियों ने एक जून से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम भी 11 रुपये बढ़ाकर 821.50 रुपये कर दिए गए हैं।
कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्तरां, ढाबों, मिठाई की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में कीमतों में हुई वृद्धि का असर खाने-पीने की वस्तुओं और खाद्य सेवाओं की लागत पर पड़ सकता है।
तय है कि बढ़ी हुई लागत का बोझ अंततः ग्राहकों पर डाला जाएगा, जिससे आम आदमी की जेब पर भी असर पड़ने की संभावना है।
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है, क्योंकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें एक जून से लागू हो गई हैं।





