
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मेहनत की स्याही से जो लिखे जाते हैं ख्वाब, वही एक दिन बनते हैं कामयाबी की किताब, नतीजे सिर्फ नंबर नहीं बताते, ये बच्चों के सपनों की उड़ान भी दिखाते हैं।
इन्हीं उम्मीदों और सपनों के साथ लिटिल फ्लावर स्कूल में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। इस खास मौके पर विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला, जहां प्रधानाचार्या, शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद प्रधानाचार्या शांति जीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कई प्रेरक संदेश दिए। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। हर दिन थोड़ा-थोड़ा प्रयास ही बड़ी सफलता की नींव रखता है।
प्रधानाचार्या ने बच्चों को समय के महत्व को समझाते हुए कहा कि जो विद्यार्थी समय का सम्मान करना सीख लेते हैं, वही जीवन में आगे बढ़कर दूसरों के लिए उदाहरण बनते हैं।
साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं, बल्कि उन्हें समझें और प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अलग होता है, उसकी क्षमता भी अलग होती है। तुलना नहीं, सहयोग और मार्गदर्शन ही बच्चों को सही दिशा देता है।
इसके पश्चात कक्षा अनुसार विद्यार्थियों को उनके रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए। जिन छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान को भी सराहा गया। शिक्षिकाएं प्रेमा बेलवाल, नीतू बिष्ट और सुपर्णा सिंह को 10 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और समयपालन के लिए राधा भट्ट, बीना गोस्वामी को सम्मान मिला। स्कूल प्रबंधन से लेकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कामेश पांडे और शमशेर अली को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। अंत में प्रधानाचार्या शांति जीना ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।









