हल्द्वानी का मेयर बनने को आतुर हैं गजराज, दावेदारी लेकर पहुंचे आज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी नगर निगम की सीट ओबीसी क्या हुई हल्द्वानी के लोगों को पता चला कि आखिर कौन कौन दिग्गज ओबीसी वर्ग से आते हैं।

हल्द्वानी का मेयर बनने को आतुर राजनीति के दिग्गज इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी में खूब उथलपुथल मची हुई है।

बुधवार को कांग्रेस पृष्ठभूमि से आए व्यापारी नेता नवीन वर्मा और मोहन गिरी गोस्वामी के भाजपा में शामिल होने के बाद गुरुवार को भाजपा के दिग्गज गजराज बिष्ट ने भी मेयर पद के लिए दावेदारी कर दी। पर्यवेक्षक केदार जोशी से मुलाकात कर गजराज बिष्ट ने अपनी दावेदारी पेश कर अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराया। इस दौरान गजराज सिंह बिष्ट के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी थे।

उत्तर प्रदेश के दौर में गजराज सिंह बिष्ट भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री, उत्तराखंड भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखण्ड बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री और उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियों को निभा चुके हैं।

गजराज की दावेदारी को व्यापारी नेता नवीन वर्मा की इंट्री से जोड़ा जा रहा है। कांग्रेस पृष्ठभूमि से जुड़े नवीन वर्मा के भाजपा में आने और मेयर का टिकट लपकने की आहट के तुरंत बाद गजराज की दावेदारी करना बताता है कि भाजपा में कैसा घमासान मचा है।

कहा तो ये भी जा रहा है कि गजराज को अपने पाले में करने के लिए कांग्रेस भी आतुर है। अगर भाजपा से गजराज को टिकट नहीं मिला तो वो कांग्रेस में भी शामिल हो सकते हैं, ऐसी चर्चाएं भी शहर में खूब हो रही हैं।

कहा तो ये भी जा रहा है कि अगर गजराज को साधने में भाजपा सफल नहीं हुई तो गजराज सिंह बिष्ट कांग्रेस में चले जाएंगे। और फिर उनकी मेयर बनने राह आसान हो जाएगी। क्योंकि हल्द्वानी नगर निगम के नए वार्डों में शामिल ग्रामीण इलाकों में गजराज सिंह बिष्ट की अच्छी पकड़ है। और शहरी क्षेत्र के अलावा बनभूलपुरा के वोट भी पाने में गजराज सफल हो जाएंगे।

फिलहाल जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं वैसे वैसे भाजपा में घमासान मचना तय है।

दावेदारों के मामले में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। हालाकि कांग्रेस के दिग्गज भले ही सार्वजनिक तौर पर कुछ बोलने से बच रहे हैं लेकिन अंदरखाने वहां भी हलचल बढ़ी हुई है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें