
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में केंद्रीय मूल्यांकन का कार्य तेजी से जारी है। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम क्रमवार घोषित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि BLIS, DVK, MLIS, CIN, CSL, CVK, CYS तथा DMA सहित कई पाठ्यक्रमों के परिणाम 26 मार्च से 02 अप्रैल 2026 के बीच घोषित किए जा चुके हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि अन्य पाठ्यक्रमों के प्रायोगिक एवं केंद्रीय मूल्यांकन का कार्य पूर्ण होते ही उनके परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे।
इसी प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने एक विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम का समन्वयन प्रो. एम. एम. जोशी कर रहे हैं, जबकि प्रो. डी. एस. फर्सवान, डॉ. शशांक शुक्ल, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. प्रदीप पंत सहित अन्य शिक्षक एवं कार्मिक इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
गठित टीम का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय मूल्यांकन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करते हुए समय पर परीक्षा परिणाम घोषित कराना है, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि, विश्वविद्यालय में पारदर्शी एवं समयबद्ध परीक्षा प्रणाली हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष टीम के माध्यम से मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र और सटीक परिणाम प्राप्त हो सकें।”
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय द्वारा मूल्यांकन एवं परिणाम घोषणा की प्रक्रिया को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे छात्रों को समय पर शैक्षणिक प्रगति में सहायता मिल सके।









