
जॉब अलर्ट, प्रेस 15 न्यूज। देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। भारतीय थल सेना ने पुरुष अग्निवीरों की बंपर नियुक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (टेक्निकल), अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) और अग्निवीर (ट्रेड्समैन) जैसे विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है।
अग्निवीर (टेक्निकल) पद के लिए विज्ञान वर्ग से भौतिकी, गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों से 12वीं पास होना आवश्यक है। इसके साथ ही विज्ञान विषयों से 12वीं पास वे अभ्यर्थी भी पात्र होंगे, जिनके पास संबंधित ट्रेड में एक वर्षीय आईटीआई प्रमाणपत्र है।
अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) पद के लिए किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास होना जरूरी है, जिसमें प्रत्येक विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं अग्निवीर (ट्रेड्समैन 10वीं) पद हेतु 10वीं पास अभ्यर्थी, जिनके प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हों, आवेदन कर सकते हैं। अग्निवीर (ट्रेड्समैन – 8वीं) के लिए केवल 8वीं पास होना पर्याप्त है।
वेतनमान की बात करें तो चयनित अग्निवीरों को 30,000 से 40,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। आयु सीमा न्यूनतम साढ़े 17 वर्ष और अधिकतम 22 वर्ष से कम रखी गई है। अर्थात अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए।
आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 250 रुपये निर्धारित है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) आयोजित की जाएगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा।
भारतीय थल सेना में अग्निवीर बनकर देश सेवा करने का यह अवसर युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला है। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर भर्ती प्रक्रिया में अवश्य शामिल हों।









