
नई दिल्ली/हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। एक बार फिर आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ने वाला है।पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है और मार्च से अब तक घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा कीमतों में उछाल को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जो 7 जून से लागू हो गई है।
हल्द्वानी में अब उपभोक्ताओं को 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 933 रुपये की जगह 962 रुपये में मिलेगा। खास बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है और मार्च से अब तक घरेलू सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है।
सरकार और तेल कंपनियां इसकी वजह ईरान संकट, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और ऊर्जा लागत में उछाल को बता रही हैं, जिसका असर पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों पर भी लगातार देखने को मिल रहा है।
तीन महीने में दूसरी बार LPG की कीमत बढ़ाई गई है। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। इस तरह अब तीन महीने के भीतर घरेलू सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी ऊर्जा लागत और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के चलते कीमतों में इजाफा करना जरूरी हो गया था। सूत्रों के अनुसार सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू सिलेंडर पर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था और मौजूदा बढ़ोतरी से भी उसकी केवल आंशिक भरपाई ही हो सकेगी।
इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए थे, जबकि 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 31 रुपये तक महंगा हुआ था। वहीं 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है, जिसके बाद इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है।
LPG के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी हाल के हफ्तों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तथा CNG लगभग 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
तेल कंपनियों का दावा है कि बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद पेट्रोल और डीजल अभी भी लागत से कम दरों पर बेचे जा रहे हैं और वैश्विक बाजार में आई पूरी महंगाई का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है।








