राजकीय महाविद्यालय उफ्रैखाल में खुला उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र

खबर शेयर करें -

पौड़ी गढ़वाल, प्रेस 15 न्यूज। क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलते हुए राजकीय महाविद्यालय उफ्रैखाल, थलीसैन, पौड़ी गढ़वाल में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का शिक्षार्थी सहायता केंद्र (अध्ययन केंद्र) स्थापित किया गया है। इसके लिए दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह समझौता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। महाविद्यालय की ओर से डॉ. सतीश चंद्र जोशी (असिस्टेंट प्रोफेसर) तथा विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने MoU पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं प्रोफेसर गिरिजा प्रसाद पांडे, अतिरिक्त निदेशक प्रोफेसर एम.एम. जोशी तथा प्रशासनिक अधिकारी श्री पी.एस. परिहार भी उपस्थित रहे।

Ad

नवस्थापित अध्ययन केंद्र (कोड: 14055) के माध्यम से अब स्थानीय विद्यार्थियों को स्नातक स्तर पर कला वर्ग के विभिन्न विषयों के साथ-साथ स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, शिक्षा शास्त्र एवं संस्कृत जैसे विषयों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त केंद्र पर विभिन्न अल्पकालिक प्रमाणपत्र एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश लेते समय केंद्र कोड 14055 का चयन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को अपने निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें