
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड बोर्ड 2026 के नतीजों में इस बार रामनगर के अक्षत गोपाल ने अपनी मेहनत और अनुशासन से इतिहास रचा है। एक साधारण परिवार से आने वाले अक्षत ने हाईस्कूल परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
एमपी हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर के छात्र अक्षत ने 500 में से 491 अंक हासिल कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है और हर कोई उनकी लगन की सराहना कर रहा है।
अक्षत की सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने रोजाना 4 से 5 घंटे की नियमित पढ़ाई की और मोबाइल फोन से दूरी बनाकर पूरी तरह किताबों पर ध्यान केंद्रित किया। यही अनुशासन उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह बना।
अक्षत का कहना है कि उनका सपना इंजीनियर बनना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने केवल नियमित पढ़ाई पर भरोसा किया, शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनाया और घर पर ही तैयारी की।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनके पिता, जो एक शिक्षक हैं, बेटे की उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। घर में जश्न का माहौल है और लगातार लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं।
अक्षत की छोटी बहन, जो कक्षा सात में पढ़ती हैं, भी अपने भाई से प्रेरित होकर आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। अक्षत की यह सफलता यह साबित करती है कि सच्ची मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों से बिना किसी अतिरिक्त संसाधन के भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।









