चंपावत के राहुल का कमाल, सौर ऊर्जा से बनाई कार, डीएम ने थपथपाई पीठ, माता- पिता का सम्मान

खबर शेयर करें -

चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। सपनों को साकार करने के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी है कुछ नया करने का जुनून, मेहनत और नवाचार की सोच।

चंपावत के मादली निवासी युवा राहुल नरियाल ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और रचनात्मक सोच से इसे सच कर दिखाया है। उन्होंने सौर ऊर्जा से चलने वाली एक कार तैयार कर न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल तकनीक की दिशा में भी सराहनीय पहल की है।

Ad

उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके माता-पिता भैरव दत्त नरियाल और बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

राहुल लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज, डेराबस्सी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने करीब एक महीने की मेहनत और लगभग 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। सीमित संसाधनों में इस तरह का तकनीकी प्रयोग उनकी लगन, मेहनत और कुछ नया करने की इच्छाशक्ति को दर्शाता है।

राहुल का यह प्रयास ऐसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो तकनीकी शिक्षा हासिल कर अपने हुनर को व्यावहारिक रूप देना चाहते हैं। सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के प्रति बढ़ती जरूरत के बीच इस तरह के प्रयोग नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को भी सामने लाते हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रयोग युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने राहुल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राहुल की उपलब्धि में उनके माता-पिता की भूमिका और प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण है। बेटे की प्रतिभा और मेहनत को मिला यह सम्मान परिवार के लिए गर्व का क्षण है। राहुल की यह पहल संदेश देती है कि यदि युवाओं को अपनी सोच पर विश्वास हो और वे उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें, तो सीमित संसाधनों में भी नई संभावनाओं के द्वार खोले जा सकते हैं।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें