
नई दिल्ली/हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। एक ओर जहां आम जनता महंगाई, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने वालों में राजकुमार ठुकराल (पूर्व विधायक, रुद्रपुर), नारायण पाल (पूर्व विधायक, सितारगंज), भीमलाल आर्य (पूर्व विधायक, घनसाली), गौरव गोयल (पूर्व मेयर, रुड़की), लाखन सिंह नेगी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, रामगढ़) और अनुज गुप्ता (पूर्व पालिकाध्यक्ष, मसूरी) शामिल हैं।
भाजपा पृष्ठभूमि के इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से भाजपा में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ये सब भाजपा का निकाला हुआ माल है”, साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई बड़े नेता भी उनके संपर्क में हैं।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह जुड़ाव प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल और कांग्रेस के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत है।
नीरज तिवारी ने कहा कि इन नेताओं का अनुभव और अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ पार्टी को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से लगातार जनप्रतिनिधि कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।









