अब रामनगर से सीधे देहरादून… बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी

खबर शेयर करें -

रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। कुमाऊं क्षेत्र के रामनगर से गढ़वाल क्षेत्र के देहरादून के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए रेल मंत्रालय द्वारा द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचलन को स्वीकृति प्रदान की है।

क्षेत्रीय जनता की रामनगर से देहरादून के मध्य अंतर नगरीय एक्सप्रेस ट्रेन चलाये जाने की मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस के संचलन को मंजूरी प्रदान की गयी।

Ad

15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस बुधवार एवं शुक्रवार को रामनगर से 05.50 बजे प्रस्थान कर 12.40 बजे देहरादून पहुंचेगी तथा उसी दिन देहरादून से 15.55 बजे प्रस्थान कर 23.30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यह एक्सप्रेस ट्रेन अपनी यात्रा मार्ग में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद एवं हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी। रामनगर-देहरादून के मध्य यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन है। इस ट्रेन के चलने से क्षेत्रीय जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुयी।

इस ट्रेन के चलने से उत्तराखंड नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून तथा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बिजनौर जिलों के छात्रों, किसानों, व्यावसायियों सहित समाज के सभी वर्गों को लाभ होगा। क्षेत्र के लोगों को प्रदेश की राजधानी देहरादून एवं तीर्थ नगरी हरिद्वार जाकर वहां अपने कार्य कर उसी दिन वापस आने की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

इस गाड़ी के चलने से ‘जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान’ जाने वाले वन्यजीव प्रेमियों एवं रामनगर के निकट कोसी नदी के बीच एक विशाल चट्टान पर स्थित गिरजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी/सीतावनी जैसे पौराणिक स्थलों के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त हरिद्वार/देहरादून पहुँच कर बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री आदि तीर्थ स्थलों को जाने में सहूलियत होगी।

इस गाड़ी में वातानुकूलित द्वितीय, वातानुकूलित तृतीय, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाये जायेंगे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें