
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी एवं राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे हुए चार वर्षों के कार्यकाल को उपलब्धियों से भरा बताते हुए इसे “नए उत्तराखंड की मजबूत नींव” करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि आज प्रदेश विकास, पारदर्शिता और जनविश्वास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने कम समय में बड़े फैसले लेकर यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो विकास की रफ्तार तेज होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि इसी विजन के चलते उत्तराखंड में सुशासन और जनकल्याण की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतरी हैं।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में गंभीरता से काम हुआ है। चाहे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना हो, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना हो या फिर बुनियादी ढांचे का विस्तार—हर क्षेत्र में प्रभावी कार्य देखने को मिला है।
दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन ने लोगों के जीवन स्तर को बदला है और वहां विकास की नई तस्वीर उभरी है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं, महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में भी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए सुरेश भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड अब निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है और पर्यटन को नई पहचान मिल रही है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि यह चार साल केवल कार्यकाल नहीं, बल्कि “विश्वास, विकास और जनसेवा की मजबूत कहानी” है, जिसे आगे और भी सशक्त बनाया जाएगा।









