(हल्द्वानी) 56 साल से बसे, फिर भी बेघर जैसे हाल: मोतीनगर बस्तीवासियों ने मांगा जमीन का हक

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पांच दशकों से अधिक समय से एक ही जगह बसकर जिंदगी गुजार रहे परिवार आज भी अपने ही घर में मालिकाना हक से वंचित हैं। हल्द्वानी की मोतीनगर बस्ती के लोगों ने अब आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

मोतीनगर आवासीय बस्ती, लालकुआं के दर्जनों परिवारों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी कब्जे की भूमि पर मालिकाना अधिकार दिए जाने की मांग की है। बस्तीवासियों का कहना है कि वे वर्ष 1971 से यहां निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें भूमि का वैध स्वामित्व नहीं मिल पाया है।

Ad

बस्ती के लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां रहने के बावजूद उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। इतना ही नहीं, बच्चों की उच्च शिक्षा भी प्रभावित होती है, क्योंकि भूमि के कागजात न होने से कई सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है।

बावजूद इसके, बस्तीवासियों के पास बिजली-पानी के कनेक्शन, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, आधार कार्ड और बैंक खाते जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं मौजूद हैं। इसके बावजूद मालिकाना अधिकार न मिलने से उनके सिर पर हर समय बेदखली का खतरा मंडराता रहता है।

ज्ञापन में बताया गया है कि मोतीनगर बस्ती का क्षेत्र पूरब में ग्राम किशनपुर सकुलिया व राष्ट्रीय राजमार्ग, पश्चिम में लालकुआं सिंचाई नहर व जमरानी नहर, उत्तर में ग्राम हरिपुर तुलाराम और दक्षिण में ग्राम दुर्गा भगवानपुर की सीमाओं के अंतर्गत आता है। यहां दो दर्जन से अधिक परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं।

बस्तीवासियों ने मांग की है कि उनकी कब्जे की भूमि का धारा-48 के तहत बंदोबस्त कर चकबंदी की जाए और उन्हें संक्रमणीय (मालिकाना) अधिकार प्रदान किए जाएं, ताकि वे भी सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

लोगों का कहना है कि वे पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने एक बार फिर उम्मीद जताई है कि इस बार शासन-प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए न्याय करेगा।

ज्ञापन देने वालों में ग्राम सभा फत्ताबंगर (मोतीनगर) के जागरूक नागरिक नंद किशोर पढालनी ,बहादुर सिंह जंगी, गुलाब सिंह भंडारी, टीका राम पढालनी, योगेश पढालनी, रमेश चंद्र पांडे, मदन लोशाली, मोहन लोशाली, तारा दत्त हरबोला ,ईश्वरी दत्त जोशी, कुंदन मेहरा, जयदत्त जोशी, गोपाल जोशी, गिरीश चंद्र पढालनी समेत गणमान्यजन मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें