
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लापरवाही और तेज गति के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोग अपनी जान गंवा रहे हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ऐसे ही एक दर्दनाक हादसे में मंगलवार देर रात बेस अस्पताल के पास तेज रफ्तार बाइक ने एक रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा चालक की मौत हो गई जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:25 बजे बेस अस्पताल के समीप सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पल्सर बाइक (नंबर UK 04 AN 5778) का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान बाइक ने सामने चल रहे रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार भी हादसे में चोटिल हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया। रिक्शा चालक नरेश सिंह (25) पुत्र हरीश सिंह निवासी लाल डांठ, हल्द्वानी को हालत गंभीर होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं बाइक सवार सूरज बिष्ट (25) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर को भी हालत में सुधार न होने पर बुधवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रिक्शा को कोतवाली हल्द्वानी परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









