
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुमाऊं और गुजरात के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन ने 05344/05343 लालकुआं-वलसाड-लालकुआं ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन 11 जून से 10 जुलाई 2026 तक कुल पांच फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05344 लालकुआं-वलसाड ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 11 जून से 9 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को लालकुआं से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी और बरेली सिटी, बदायूं, कासगंज, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत होते हुए अगले दिन दोपहर 12:00 बजे वलसाड पहुंचेगी।
वहीं वापसी में 05343 वलसाड-लालकुआं ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 12 जून से 10 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को वलसाड से दोपहर 3:25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सूरत, छायापुरी, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, मथुरा कैंट, कासगंज, बदायूं और बरेली सिटी से होकर अगले दिन शाम 5:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, छह शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होगा।
रेलवे का मानना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा गर्मी की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़ का दबाव भी कम होगा।








