
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाते हुए कोरिया नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (KNOU) के प्रतिष्ठित प्रोफेसर क्वांग सिक चुंग के Visiting Professor Fellowship Programme के तहत आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रमों की सफल मेजबानी की।
कार्यक्रमों की शुरुआत विश्वविद्यालय अतिथि गृह स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित परिचयात्मक संगोष्ठी से हुई, जिसमें प्रो. चुंग ने “Institutional Overview and Academic Practices at KNOU” विषय पर KNOU की आधुनिक शैक्षणिक संरचना, ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग सिस्टम और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके बाद “Interaction with Research and Innovation Cell” सत्र में विश्वविद्यालय के शोध कार्यों पर चर्चा हुई। इस दौरान शोधार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध सहयोग की संभावनाओं को भी टटोला गया।
दोपहर बाद आयोजित मुख्य व्याख्यान में प्रो. चुंग ने “Virtual Learning Content and Learning Analytics” विषय पर बोलते हुए डिजिटल शिक्षा के बदलते स्वरूप, गेम-आधारित लर्निंग, क्लाउड टेक्नोलॉजी और डेटा-आधारित शिक्षण सुधार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की शिक्षा पूरी तरह डेटा और तकनीक पर आधारित होगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी ने कहा कि यह कार्यक्रम वैश्विक शैक्षणिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. जितेन्द्र पांडे ने बताया कि इस सहयोग से संयुक्त शोध, MOOCs और तकनीकी आधारित शिक्षण नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और अधिकारी मौजूद रहे और संवाद सत्रों में सक्रिय भागीदारी की।
गौरतलब है कि प्रो. क्वांग सिक चुंग 18 से 30 मार्च 2026 तक विश्वविद्यालय में प्रवास पर हैं। इस दौरान दोनों संस्थानों के बीच MoU पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे भविष्य में दीर्घकालिक शैक्षणिक और शोध सहयोग को नई गति मिलेगी।
प्रो. चुंग का यह दौरा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में छात्रों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।









