
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिन मां-बाप ने पूरी उम्र अपने बच्चों को संभालने, संवारने और उनके सपनों को पूरा करने में लगा दी, वही आज जीवन के इस अंतिम पड़ाव में अक्सर अकेले और उपेक्षित नजर आते हैं। बदलती जीवनशैली और व्यस्तता के दौर में बुजुर्गों का एकाकीपन एक बड़ी सामाजिक समस्या बनता जा रहा है।
जिन हाथों ने कभी सहारा दिया, आज वही हाथ सहारे को तरस रहे हैं। हमें यह समझना होगा कि आज वे हैं, कल हम भी इसी स्थिति में हो सकते हैं इसलिए बुजुर्गों का सम्मान, साथ और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति गौला बैराज, काठगोदाम में कूद गया है। सूचना मिलते ही जल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय पुत्र नरोत्तम उपाध्याय, उम्र लगभग 80 वर्ष, निवासी गंगा विहार, कुसुमखेड़ा बताया। इसके बाद जल पुलिस द्वारा उनके परिजनों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर उनके पुत्र यतीश उपाध्याय (45 वर्ष) एवं ममता उपाध्याय मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय डिप्रेशन से ग्रसित हैं और उनका उपचार चल रहा है। रेस्क्यू के बाद बुजुर्ग मोहन चन्द्र उपाध्याय को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।









