टनकपुर से नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू, 6 जुलाई को दौड़ेगी उद्घाटन स्पेशल, जानिए पूरा रूट और टाइम-टेबल

खबर शेयर करें -

टनकपुर, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यात्रियों की सुविधा के लिए टनकपुर-नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस सेवा का शुभारंभ 6 जुलाई 2026 को 05012 टनकपुर-नांदेड़ उद्घाटन विशेष ट्रेन के संचालन के साथ होगा।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर सुमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 17631/17632 नांदेड़-टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 12 जुलाई 2026 से नांदेड़ से प्रत्येक रविवार तथा 14 जुलाई 2026 से टनकपुर से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा।

Ad

उद्घाटन विशेष ट्रेन 6 जुलाई को सुबह 10:45 बजे टनकपुर से रवाना होगी और पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत और पूर्णा होते हुए शाम 6:00 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।

उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, एसी थर्ड, एसी सेकेंड, जनरेटर सह लगेजयान एवं एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।

नियमित संचालन का समय

17631 नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड़ से प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।

वहीं 17632 टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।

नियमित ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, पेंट्रीकार, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी, एलएसएलआरडी तथा जनरेटर सह लगेजयान शामिल होंगे।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुरू होने से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। इससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें