
हल्द्वानी/ओखलकांडा, प्रेस 15 न्यूज। वर्षों से सड़क सुविधा को तरस रहे दूरस्थ गांवों के लिए आखिरकार राहत की खबर आई है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ढोलीगांव से डानशीली-गडूड़ा मोटर मार्ग का शिलान्यास कर क्षेत्रीय जनता को बड़ी सौगात दी है।
ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र ढोलीगांव से मल्ली डनशिली, तल्ली डनशिली, गड़युड़ा, जान और सिमलकन्या के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा न होने के कारण लोगों को रोजमर्रा का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, वहीं मरीजों को घोड़ों या कंधों के सहारे लाना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पहल करते हुए ग्रामीण निर्माण विभाग से डीपीआर तैयार करवाई और शासन को प्रस्ताव भेजा। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मोटर मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत कराने की मांग की, जिस पर 4 करोड़ 95 लाख रुपये की स्वीकृति मिली।
स्वीकृति के बाद मंत्री कैड़ा ने आज विधिवत रूप से मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे कैड़ा का ढोलीगांव, पजेना, तल्ला कांडा, मल्ला कांडा, कुलोन, दिगोली, धैना, पड़ायल, कुकना, बजवालगांव और कैड़ागांव समेत कई गांवों में ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नए निर्माण कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की रफ्तार आगे भी जारी रहेगी। वहीं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की सौगात के लिए मंत्री का धन्यवाद जताया।









