
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। सरोवरनगरी नैनीताल में नए साल के जश्न की तैयारियों के बीच अराजकता की ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पुलिसिंग और कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। शहर में अराजक हावी हैं। बेखौफ हैं मानो पुलिस का उनके दिलोदिमाग में कोई खौफ नहीं है।
नैनीताल की ठंडी सड़क में बने सुंदर ग्लास हाउस को असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है। अराजकों की तिकड़ी सीसीटीवी में कैद हुई है। इस दुस्साहस ने नैनीताल में पुलिस के इस्तकबाल को खुली चुनौती दी है। तीनों अराजक युवकों ने कैमरे और पानी के नल भी तोड़ डाले।
नैनीताल में कुछ वर्ष पूर्व, केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशों पर पर्यटन विभाग ने कई सौंदर्यीकरण के कार्य कराए थे। इसमें, ठंडी सड़क में बना ग्लास हाउस का उद्घाटन भी अगस्त 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था।
योजना में पारंपरिक शैली में बनाए गए बीएम साह ओपन एयर थिएटर, पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क, मल्लीताल खड़ी बाजार का पारंपरिक शैली में सौंदर्यीकरण, तल्लीताल रिक्शा स्टैंड और सैल्फी स्टैंड, पारंपरिक शैली में बड़ा बाजार और तल्लीताल डांट का सौंदर्यीकरण, रामसेवक सभा का सौंदर्यीकरण, कचहरी में मल्टीस्टोरी पार्किंग, ठंडी सड़क में ग्लास समर हाउस और तल्लीताल टोल बूथ का निर्माण शामिल हैं।
Video: नैनीताल में अराजकों की टोली (पार्ट 1)👇🔴
ठंडी सड़क में घटनास्थल के सामने शनि मंदिर के पुजारी हेम जोशी का कहना है कि ये कई बार हो चुका है। नशेड़ी युवा ग्लास हाउस के अंदर जश्न मनाते हैं और तोड़फोड़ करते हैं। मंगलवार रात एक बजे के सीसीटीवी फुटेज में यही दिख रहा है। तीन युवक लगभग 8×5 फीट के भारी भरकम शीशे को पत्थर मारकर मारकर तोड़ रहे हैं।
Video: नैनीताल में अराजकों की टोली (पार्ट 2)👇🔴
ये उपद्रवी यहीं नहीं रुके, इन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और पानी के नल भी तोड़ दिए हैं। उन्होंने पुलिस की गश्त की मांग करते हुए मल्लीताल कोतवाली में शिकायत देने की बात कही है। एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा का कहना है कि ये बात उनके संज्ञान में आई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









