जहर बनती हवा, खतरे में जीवन: हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र के स्टोन क्रेशरों के खिलाफ हल्लाबोल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जहां बच्चों की सांसों में धूल घुल जाए और जिंदगी की शुरुआत ही बीमारी के साये में हो, वहां विकास नहीं बल्कि विनाश पनपता है। हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र की घनी आबादी अब इसी दर्द के साथ जी रही है। वर्षों से प्रदूषण की मार झेल रहे लोगों ने एक बार फिर प्रशासन के दरवाजे पर दस्तक देते हुए अपने हक और स्वास्थ्य की रक्षा की गुहार लगाई है।

हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र के मोतीनगर, ग्राम फत्ताबंगर, सूपी भगवानपुर और पदमपुर देवलिया के निवासियों ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर घनी आबादी के बीच संचालित स्टोन क्रशरों के संचालन पर रोक लगाने और उनकी अनुमति निरस्त करने की मांग की है।

Ad

इन स्टोन क्रशरों से निकलने वाला धूल-धुआं क्षेत्र में गंभीर प्रदूषण फैला रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्थिति इतनी भयावह है कि बड़ी संख्या में लोग दमा, टीबी, सिलिकोसिस और फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में हैं, और बच्चों का बचपन भी इससे अछूता नहीं रहा।

ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र के लोग वर्ष 1989-90 से ही इन इकाइयों जैसे हिमालया स्टोन क्रशर एवं हिमालया ग्रिड के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। पूर्व में हुई बैठकों में प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1981 और 1974 के उल्लंघन की पुष्टि भी हो चुकी है, बावजूद इसके अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

सबसे गंभीर बात यह है कि ये स्टोन क्रशर राष्ट्रीय राजमार्ग-87 से महज 35 मीटर, रेलवे लाइन से 150 मीटर और मोतीनगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय व इंटर कॉलेज से करीब 250 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहे हैं। स्कूल का खेल मैदान भी क्रशर से मात्र 200 मीटर दूर है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा बना हुआ है। साथ ही हाईवे पर क्रशर के गेट के कारण लगने वाले जाम से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

इसके अलावा, इन इकाइयों के कारण लालकुआं सिंचाई विभाग की नहरों, गूलों और पाइपलाइनों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिनसे 50-60 गांवों की सिंचाई होती है। ट्यूबवेल संख्या 57 की भूमिगत लाइन का क्रशर परिसर से गुजरना भी एक बड़ा खतरा माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जनहित, बच्चों के भविष्य और क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन स्टोन क्रशरों की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाए और उन्हें आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र को इस प्रदूषण से राहत मिल सके।

ज्ञापन देने वालों में गोपाल सिंह अधिकारी, ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत हरिपुर तुलाराम, रमेश चंद्र जोशी, ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत पदमपुर देवलिया, बाला दत्त लोशाली, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत फत्ताबंगर,  केशव पंत, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत हैड़ागज्जर, हरीश चंद्र, क्षेत्र पंचायत सदस्य, किशनपुर सकुलिया, ग्राम सभा-फत्तबंगर(मोतीनगर) से नंद किशोर पढालनी ,बहादुर सिंह जंगी, गुलाब सिंह भंडारी, टीका राम पढालनी, योगेश पढालनी, रमेश चंद्र पांडे, मदन लोशाली ,मोहन लोशाली, तारा दत्त हरबोला, ईश्वरी दत्त जोशी, कुंदन मेहरा, जयदत्त जोशी, गोपाल जोशी, गिरीश चंद्र पढालनी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें