सोमनाथ यात्रा का सुनहरा अवसर! नैनीताल जिले से 40 श्रद्धालुओं का होगा चयन, 2 दिन में करें आवेदन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। अगर आप भगवान सोमनाथ के दर्शन की इच्छा रखते हैं तो आपके लिए सुनहरा अवसर है। उत्तराखंड शासन के “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत जनपद नैनीताल से 40 तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए केवल दो दिन का समय दिया गया है।

Ad

संस्कृति विभाग, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत भगवान सोमनाथ की अखंड आस्था के 1000 वर्ष तथा सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को प्रस्तावित सोमनाथ तीर्थयात्रा के लिए जनपद नैनीताल से अधिकतम 40 तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में जनपद स्तरीय चयन समिति का गठन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को समिति का अध्यक्ष बनाया है। समिति में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), जिला विकास अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है।

समिति को निर्देश दिए गए हैं कि शासनादेश में निर्धारित पात्रता और श्रेणियों के अनुसार इच्छुक व्यक्तियों से दो दिनों के भीतर आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएं। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन कर शासन द्वारा निर्धारित 11 समूहों के अनुसार अधिकतम 40 तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। चयनित यात्रियों की सूची अनुमोदन के लिए जिलाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।

इसके साथ ही चयनित यात्रियों के फोटोयुक्त पहचान पत्र, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य सभी औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएंगी। जनपद स्तर पर ही फोटोयुक्त आई-डी तैयार कर नोडल अधिकारी के हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए।

तीर्थयात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए नगर पालिका परिषद भीमताल के अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह (मो. 8791336681) को जनपद नैनीताल का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनके सहयोग के लिए विभागीय स्तर पर एक स्वयंसेवक भी नियुक्त किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि चयनित तीर्थयात्रियों के जनपद से यात्रा प्रस्थान स्थल तक आवागमन की व्यवस्था, यात्रा के दौरान जनपद के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व, फोटोयुक्त पहचान-पत्रों का सत्यापन, हस्ताक्षर तथा संबंधित विभागों से समन्वय समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, मुख्य शिक्षा अधिकारी, संभागीय परिवहन अधिकारी, उप श्रमायुक्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित 11 श्रेणियों के अंतर्गत आने वाले इच्छुक पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र प्राप्त कर दो दिनों के भीतर गठित चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पत्र अगले दो दिनों के भीतर संबंधित विभाग अथवा कार्यालय के माध्यम से जिला विकास अधिकारी कार्यालय, नैनीताल में जमा करें। अधिक जानकारी के लिए नोडल अधिकारी राहुल सिंह (मो. 8791336681) से संपर्क किया जा सकता है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें