वैश्विक शिक्षा की ओर मजबूत कदम: UOU में अंतरराष्ट्रीय विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप की शुरुआत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंध निदेशालय की स्थापना की है।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय में “अंतरराष्ट्रीय विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया जा रहा है, जो शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है

Ad

विश्वविद्यालय द्वारा शुरू किया गया यह फेलोशिप कार्यक्रम वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

इसका उद्देश्य विदेशी विश्वविद्यालयों और विशेषज्ञों के साथ मिलकर संकाय विनिमय, संयुक्त शोध, आधुनिक शैक्षणिक कार्यक्रमों के विकास और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

मार्च 2026 सत्र के तहत कोरिया नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के प्रख्यात विद्वान प्रोफेसर क्वांग सिक चुंग को विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में आमंत्रित किया गया है।

कंप्यूटर विज्ञान और डिजिटल शिक्षण प्रणालियों के विशेषज्ञ प्रो. चुंग का शोध विषय “वर्चुअल लर्निंग कंटेंट आधारित गेम-आधारित अधिगम प्लेटफॉर्म का डिजाइन” विश्वविद्यालय के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है।

18 मार्च से 30 मार्च 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रारंभिक दिनों में प्रो. चुंग ने परिसर का अवलोकन कर संकाय सदस्यों के साथ परिचयात्मक बैठकें कीं।

20 मार्च को कुलपति, निदेशकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें शोध एवं नवाचार को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।

उसी दिन आयोजित संगोष्ठी में प्रो. चुंग ने वर्चुअल लर्निंग, लर्निंग एनालिटिक्स और गेम-आधारित अधिगम (GBL) जैसे विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें संकाय सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रम के तहत 21 मार्च को अतिथि को जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें भारतीय संस्कृति और प्राकृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिला। 23 मार्च को शैक्षणिक भवन, ईएमपीसी और कम्युनिटी रेडियो केंद्र का दौरा कर उन्होंने आधुनिक शिक्षण प्रवृत्तियों पर रेडियो वार्ता भी रिकॉर्ड की।

24 और 25 मार्च को आयोजित कार्यक्रमों में वृक्षारोपण, विज्ञान संकाय एवं मीडिया प्रोडक्शन केंद्र का भ्रमण, परीक्षा और वित्त अनुभाग की समीक्षा तथा विभिन्न संकायों के साथ गहन शैक्षणिक संवाद शामिल रहे।

इस पूरे कार्यक्रम ने यह साबित किया है कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय वैश्विक शैक्षणिक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गेम-आधारित अधिगम और लर्निंग एनालिटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं और कोरिया नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में भी ठोस प्रगति हुई है।

यह पहल न केवल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय शोध, नवाचार आधारित शिक्षण मॉडल और वैश्विक सहयोग को भी और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें