
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। घर की छत पर एक पल में ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। करंट की चपेट में आने से कार मैकेनिक नदीम (45) और उनकी नौ वर्षीय मासूम बेटी अल्जिबा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
बनभुलपुरा निवासी नदीम सोमवार रात को छत पर AC चेक करने गए थे और उनकी बेटी अल्जिबा मोबाइल की टॉर्च से रोशनी दिखा रही थी। नदीम को करंट की चपेट में तड़पता देख बेटी उन्हें बचाने दौड़ी और खुद भी करंट की चपेट में आ गई।
दोनों को तुरंत राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा निवासी रॉयल न्यूज के संपादक नाजिम अहमद के बड़े भाई नदीम अहमद और उनकी नौ वर्षीय बेटी घर की छत पर गए थे। इसी दौरान दोनों कथित तौर पर एसी के आउटडोर यूनिट से फैले करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदीम अहमद को परिचितों के बीच मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। वहीं मासूम बेटी की मौत ने इस दर्दनाक घटना को और भी झकझोर देने वाला बना दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों, परिचितों और शुभचिंतकों का परिवार के घर पहुंचना शुरू हो गया। हर आंख नम थी और हर कोई इस असहनीय दुख में परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया।
“प्रेस 15 न्यूज” परिवार दिवंगत पिता-पुत्री को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
घरेलू उपकरणों से वास्ता पड़े तो रखें विशेष ध्यान
पावर बंद करें: किसी भी बिजली उपकरण या AC की मरम्मत करने से पहले मेन स्विच (MCB) को हमेशा बंद करें।
गीले हाथों से बचें: गीले बदन या बिना चप्पल पहने कभी भी लोहे की बॉडी वाले किसी उपकरण को न छुएं।
यदि कोई करंट की चपेट में हो, तो उसे सीधे छूने के बजाय लकड़ी, प्लास्टिक या रबर जैसी सूखी और कुचालक (Non-conductive) चीजों से दूर करें।
अर्थिंग की जांच: घर की वायरिंग में प्रॉपर अर्थिंग और लीक प्रोटेक्शन के लिए Earth Leakage Circuit Breaker (ELCB) जरूर लगवाएं।









