
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। स्वतंत्रता दिवस पर जब पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा था, उसी दिन पुनर्नवा महिला समिति ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शहर को हरियाली का अनमोल उपहार दिया।
रामपुर रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के सामने सिटी फॉरेस्ट में समिति की ओर से 50 फूलदार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। महिला समिति की इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़ दिया।
डीएफओ तराई केंद्रीय वन प्रभाग, रुद्रपुर-हल्द्वानी उमेश चंद तिवारी के दिशा-निर्देशों में हुए पौधारोपण कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ गो ग्रीन गो क्लीन के मनोज और उनकी टीम ने भी सहभागिता की। पुनर्नवा महिला समिति की सदस्यों ने उत्साह के साथ पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने कहा कि पौधे लगाना केवल शुरुआत है, असली जिम्मेदारी उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना है। आज लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में हल्द्वानी की हवा को स्वच्छ करने, वातावरण को हराभरा बनाने और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण देने में योगदान देंगे।
पुनर्नवा महिला समिति की इस पहल की खास बात यह रही कि पौधारोपण को महज एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया। सिटी फॉरेस्ट में लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी मनोज नेगी एवं उनकी टीम द्वारा संभाली जाएगी।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष लता बोरा, सचिव शांति जीना, यशोदा रावत, कुसुम बोरा, अंजना बोरा, रेखा रावत, जया बिष्ट, प्रेमा व्रजवासी, निर्मला बहुगुणा एवं मंजू बनकोटी सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
पुनर्नवा महिला समिति ने संदेश दिया कि देश के प्रति प्रेम केवल नारों में नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की रक्षा के संकल्प में भी दिखाई देता है।









