
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। घर में गैस सिलिंडर रखा है, चूल्हा रोज जल रहा है और सब कुछ सामान्य चल रहा है… लेकिन एक तारीख ऐसी है, जिसके बाद हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ सकती है।
जी हां, 23 अगस्त 2026 यह घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए बेहद अहम तारीख है। अगर आपने अभी तक अपने एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, तो अब देर करना भारी पड़ सकता है।
देहरादून जिले में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से 5,57,546 उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं, लेकिन अभी भी 1,59,299 कनेक्शन ऐसे हैं जिनकी ई-केवाईसी बाकी है। खास बात यह है कि इनमें 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
15 अगस्त बीता… अब मिला आखिरी मौका
भारत सरकार ने पहले ई-केवाईसी की अंतिम तारीख 15 अगस्त 2026 तय की थी। समय सीमा पूरी होने के बाद उपभोक्ताओं को एक और मौका दिया गया है और अब 23 अगस्त 2026 को अंतिम तारीख निर्धारित किया गया है। लेकिन सवाल यह है 23 अगस्त के बाद क्या होगा?
तय तारीख तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है। इतना ही नहीं, उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध होने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
ई-केवाईसी के लिए गैस एजेंसी जाने की भी जरूरत नहीं
उपभोक्ताओं के पास ई-केवाईसी कराने के तीन आसान विकल्प हैं। संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। घर पर सिलिंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मी के मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण से भी ई-केवाईसी हो सकती है। इसके अलावा इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस की अधिकृत मोबाइल एप के जरिए उपभोक्ता स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द ई-केवाईसी करा लें।
याद रखिए 23 अगस्त सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि आपकी घरेलू गैस सेवा से जुड़ी आखिरी समय सीमा है। कहीं ऐसा न हो कि अगली बार सिलिंडर बुक कराने पर जवाब मिले पहले ई-केवाईसी कराइए!









