
ओखलकांडा/भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज, चकड़ोवा में आयोजित समारोह बच्चों के लिए खास यादगार बन गया। देशभक्ति के रंग में रंगे कार्यक्रम के बीच छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपियां, पेन और अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की गई। पढ़ाई का जरूरी सामान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम में ककोड़ क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य डिकर सिंह मेवाड़ी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उनकी ओर से विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपियां और पेन प्रदान किए गए। बच्चों ने इस पहल के लिए आभार जताया।
बच्चों की सुविधाओं के लिए घोषणाएं
समारोह के दौरान डिकर सिंह मेवाड़ी ने विद्यालय के खेल मैदान की चाहरदीवारी की लंबाई बढ़ाने के लिए बजट उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही विद्यालय भवन की छत के जीर्णोद्धार (मरम्मत) के लिए भी आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की घोषणा की। इन कार्यों के पूरा होने से विद्यार्थियों को खेल और अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ओझा ने विद्यार्थियों के हित में की गई पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के लिए मिलने वाला सहयोग उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी है।
स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन में देशभक्ति के साथ बच्चों की शिक्षा, सुविधाओं और भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प भी नजर आया।
अब उम्मीद है कि स्वतंत्रता दिवस के इस समारोह में विद्यार्थियों के सामने किए गए वादे और घोषणाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। खेल मैदान की चारदीवारी और विद्यालय भवन की छत के जीर्णोद्धार की उम्मीद लगाए बैठे इन बच्चों की नजर अब इन घोषणाओं के पूरा होने पर रहेगी। आखिरकार, आज जिन बच्चों के सामने विकास के ये संकल्प लिए गए हैं, वही कल इन वादों के पूरे होने की तस्वीर भी देखना चाहेंगे।









