हल्द्वानी: डहरिया में कालाबाजारी करते पकड़े तीन इंडेन कर्मचारी, आयुक्त के निर्देश पर एफआईआर दर्ज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पश्चिम एशिया में युद्ध के हालातों के बीच उत्पन्न गैस संकट के बीच जहां एक और नैनीताल जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से गैस सिलिंडर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है, वहीं कुछ कर्मचारी लगातार कालाबाजारी, घटतौली से व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।

सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना प्राप्त हुई कि डहरिया के महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास इंडेन गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान गैस बांट रहे कर्मियों ने 10 भरे सिलेंडर यहां छोड़े और खाली सिलेंडर लिए बिना ही चलते बने।

Ad

जिसके बाद आयुक्त ने संबंधित कर्मियों को तलब कर जानकारी ली। इस दौरान कोई भी कर्मी खाली सिलेंडर लिए बिना 10 भरे सिलेंडर एक साथ रखने का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

कालाबाजारी का संदेह होने पर आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक विजयनाथ शुक्ल को सिलेंडर वितरण कर रहे केएमवीएन के आउटसोर्स कर्मचारी संदीप और अन्य प्रेमपाल सिंह ठाकुर, प्रमोद चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था को किसी भी दशा में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। कालाबाजारी और घटतौली करने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा जिससे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने केएमवीएन और गैस एजेंसी के अधिकारियों को औचक निरीक्षण कर सिलेंडर वितरण व्यवस्था पर नजर रखने और पारदर्शी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।

बताते चलें कि सोमवार सुबह इंडेन के एक डिलीवरीमैन द्वारा आनन्दबाग वार्ड नंबर 11 में  गैस वितरण का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान डिलीवरी मैन द्वारा एक उपभोक्ता को 2500 रुपए में एक सिलेंडर बेचने का मामला सामने आया था।

जिसके बाद हल्द्वानी गैस सर्विस के प्रबंधक ने हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी कर्मी के खिलाफ जांच कर सुसंगत धाराओं में उचित कार्यवाही करने की शिकायत दर्ज कराई है।

What’s your Reaction?
+1
3
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें