गैरसैंण में गूंजा भीमताल के किसानों का दर्द, विधानसभा में गरजे विधायक कैड़ा

खबर शेयर करें -

गैरसैंण/भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। बजट सत्र के दौरान गैरसैंण में चल रही विधानसभा की कार्यवाही में भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र मुख्य रूप से काश्तकार बाहुल्य क्षेत्र हैं, जहां अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर होकर अपना जीवन यापन करते हैं।

विधायक कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र में बंदरों और जंगली सूअरों के लगातार बढ़ते आतंक से किसान बेहद परेशान हैं। किसान साल भर कड़ी मेहनत कर फसल उगाते हैं, लेकिन जंगली जानवर एक ही दिन या रात में पूरी फसल को नष्ट कर देते हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि फसल नुकसान का उचित मुआवजा किसानों को समय पर नहीं मिल पाता और तारबाड़ की व्यवस्था भी सीमित क्षेत्रों तक ही हो पाती है।

Ad

इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने सदन में यह मुद्दा भी उठाया कि क्षेत्र में आज भी कई गरीब परिवार आवास विहीन हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को देखते हुए जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस योजना बनाई जाए। साथ ही जंगली जानवरों से हुए फसल नुकसान का उचित मुआवजा किसानों को दिया जाए और आवास विहीन गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाए।

विधायक ने सरकार से किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें