
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। देश के माननीय रक्षा मंत्री हल्द्वानी शहर आ रहे हैं, यह अच्छी बात है। बहुत अच्छी बात है। वो आते रहें बार बार आते रहें। सिर्फ वो ही क्यों देश के हर राज्य- शहर से हर वीवीआईपी हल्द्वानी -नैनीताल आए।
लेकिन इस वीवीआईपी आगमन के बीच कुमाऊं के प्रवेश द्वार में बसे लाखों लाख लोग हाथ जोड़कर लोकतंत्र के सिस्टम से एक विनती भी कर रहे हैं। सच कहें तो वो विनती नहीं अब गुस्से से भरे गरिया रहे हैं। हर उस नाम को जो वीवीआईपी मूवमेंट के नाम पर हर हफ्ते हर महीने उनकी राह को बेवजह रोकता है।
ये गुस्सा उस सिस्टम पर है जो अब हल्द्वानी केंद्र बिंदु वाले पूरे कुमाऊं के लोगों की फजीहत का रूटीन बन गया है। हल्द्वानी समेत नैनीताल जिले में हर महीने नहीं हर हफ्ते होने वाले किसी न किसी वीवीआईपी मूवमेंट ने आम जनता के रास्ते रोक दिए जाते हैं। साफ साफ कहें तो जिंदगी नर्क बना दी जाती है।
कोई बीमार एम्बुलेंस में फंसे, कोई युवा नौकरी को जाए, कोई बुजुर्ग दवा लेने घर से निकले, कोई मां घर के काम से बाजार जाए, हर किसी की राह को सिर्फ इसलिए रोक दिया जाता है क्योंकि वीवीआईपी शहर में आ रहे हैं। बीते कुछ सालों में यह वीवीआईपी मूवमेंट हल्द्वानी और जिलेभर समेत कुमाऊं के लोगों का बड़ा सिरदर्द बन चुका है।
कहने को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत देश है और आम जनता को वोट के अधिकार के तौर पर सबसे अहम दर्जा मिला है लेकिन वोट देने के बाद यही सिस्टम उन्हें ये एहसास कराता है कि आम आदमी होना सबसे बड़ा गुनाह है।
अगर ऐसा नहीं तो फिर हर बार आम आदमी की फजीहत क्यों कराता है? मान लें आपको वीवीआईपी की सुरक्षा और सुविधा की चिंता है लेकिन क्या इसके रास्ते आम आदमी को प्रताड़ित किए बगैर नहीं निकाले जा सकते?
दिल्ली देहरादून से एक फरमान आया नहीं कि फलां वीवीआईपी हल्द्वानी या नैनीताल जिले में आ रहा है, पूरा का पूरा अमला हफ्ते भर पहले वीवीआईपी की राह साफ करने और आम आदमी की राह रोकने में पिल जाता है। इस दौरान दफ्तरों में आम आदमी के लिए बस यही शब्द रह जाते हैं – साहब मीटिंग में हैं साहब फील्ड में हैं।
ये उन अधिकारियों की भी मजबूरी कही जा सकती है क्योंकि उन्हें भी इसी सिस्टम की ड्यूटी करनी है। तो जैसा आदेश वैसा पालन।
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस देश में आम आदमी की ऐसी हैसियत बनाने का जिम्मेदार कौन है? किसने आम आदमी को लाचार बनाने को अधिकार मान लिया है? आखिर ऊपर से लेकर नीचे तक, दिल्ली से देहरादून तक कोई ऐसा क्यों नही जो इस संक्रमण की रफ्तार से बढ़ते वीवीआईपी दौरों की राह बिना आम आदमी को परेशान करके नहीं खोजता?
सोचिए पिछले दो साल से ज्यादा वक्त से हल्द्वानी शहर की तमाम सड़कें विकास के नाम पर उधेड़ दी गई हैं।जब तक कोई मरता नहीं, मीडिया में छपता या दिखता नहीं तो हल्द्वानी में जमा वीवीआईपी प्रशासनिक अमला जागता नहीं। रही सही शहर की चार मुख्य सड़कों पर अब वीवीआईपी मूवमेंट का आतंक पसर गया है।
ये साल 2026 है और अभी से राजनीतिक पार्टियों की मिशन 2027 की शुरुआत हो चुकी है। हर हफ्ते हर महीने वाला यही वीवीआईपी मूवमेंट जारी रहा तो तय मानिए हल्द्वानी समेत कुमाऊं की बड़ी आबादी की राह 2027 आते आते नरक से बदतर हो जाएगी।
हल्द्वानी के लोग कह रहे हैं कि जैसी रफ्तार से ये वीवीआईपी दौरे शहर में हो रहे हैं, उस रफ्तार से विकास के कार्य भी पूरे हो जाते, तो कितना अच्छा होता।
आम आदमी की किस्मत को एक उदाहरण से समझिए। साल 2024 लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हल्द्वानी की बड़ी आबादी को गैस पाइपलाइन का सपना दिखाया गया। हर घर से करीब 400 से लेकर 5000 रुपए तक वसूले गए। लेकिन मार्च 2026 तक घरों में लगाई गई ये गैस पाइप लाइन सिर्फ जंक खा रही है। इस पर बात करने वाला कोई नहीं है।
हां, इतना जरूर हुआ जब किसी अखबार ने आम आदमी को बेवकूफ बनाने वाली गैस पाइपलाइन वाली इस खबर को छापा तो फेविकोल की तरह चिपके जमे जमाए अधिकारियों ने अपने कैंप में बैठक कर दिशा निर्देश वाली खानापूरी जरूर की।
साफ है आम लोगों को सिस्टम का दिखाया गया सपना झूठा निकला। हल्द्वानी में आम आदमी यही नहीं ठगा गया। कभी आईएसबीटी कभी रिंग रोड न जाने कितने सपने हल्द्वानी की जनता को बीते सालों में दिखाए गए लेकिन हर सपना वीवीआईपी दौरों की रफ्तार ने कुचल दिया। आम जनता साल दर साल ठगी जा रही है और उत्तराखंड का सिस्टम फलफूल रहा है।
अब आम आदमी इस उम्मीद में है कि वीवीआईपी मूवमेंट के नाम पर उसकी राह रोकने और पूरे के पूरे सरकारी अमले को पेलने वाले सिस्टम को रोकने की शुरुआत उत्तराखंड से होगी।
जब उत्तराखंड से UCC जैसे कानून के पालना की शुरुआत हो सकती है तो यह तो बहुत छोटा काम है। देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जरूर आम जनता को हर हफ्ते हर महीने परेशान करने वाली इस संक्रमण के रफ्तार से बढ़ती समस्या के खात्मे की पहल हल्द्वानी- नैनीताल से करनी चाहिए।
अब आम जनता के लिए नैनीताल पुलिस का वो आदेश भी पढ़िए जो 21 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के लिए तैयार किया गया है। वैसे 20 मार्च को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। लेकिन फोकस रक्षा मंत्री के वीवीआईपी दौरे पर ज्यादा है।
एक और अहम बात जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, रक्षा मंत्री 21 मार्च को दोपहर 1:30 बजे आर्मी हेलीपेड पहुंचेंगे लेकिन नैनीताल पुलिस ने सुबह 10 बजे से ही हल्द्वानी की सड़कों को आम आदमी के लिए बंद कर दिया है।
नैनीताल पुलिस द्वारा जारी यह रूट/डायवर्जन प्लान 21 मार्च को समय प्रातः 10:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
भारी वाहनों हेतु प्लान
21 मार्च को समय 07:00 बजे से रात्रि 21ः00 बजे तक सम्पूर्ण हल्द्वानी शहर क्षेत्र मेें समस्त प्रकार के भारी माल वाहन वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। समस्त खनन गेट पूर्णत: बंद रहेंगे।
आवश्यक सेवा से सम्बन्धित समस्त छोटे/बड़े वाहन भी अपने आवागमन के दौरान बाईपास मार्गो का प्रयोग करेंगे।
रोडवेज बसों एवं निजी बसों हेतु प्लान
1.रामपुर रोड/बरेली रोड/कालाढूंगी रोड से आने वाली समस्त प्रकार की रोडवेज की बसें अपने निर्धारित रूट से होते हुए रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी तक आ सकेंगी।
2.पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली रोडवेज/केमू की बसें नारीमन तिराहा से डायवर्ट होकर गोलापार रोड से तीनपानी फ्लाईओवर से मंडी तिराहा से सिंधी चैराहा होते हुए रोडवेज स्टेशन को आयेंगी।
3.रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से वर्कशाॅप लाईन होते हुए त्रिलोक पैट्रोल पंप तिराहा से एसडीएम कोर्ट तिराहा से नैनीताल बैंक तिराहा होते हुए रोडवेज पश्चिमी गेट से सिंधी चौराहा से गांधी इंटर काॅलेज तिराहा होते हुए अपने गन्तब्य को जायेंगी।
4. रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाली रोडवेज/केमू की बसें रोडवेज पूर्वी से ताज चौराहा होते हुए गोलापुल से नारीमन होते हुए अपने गन्तब्य को जायेंगी।
5. रामपुर रोड/बरेली रोड से आने वाली सिडकुल/अन्य निजी बसें होंडा शोरूम तिराहा तक आ सकेंगी।
वहां से सवारी उतारकर वापस की जायेंगी अथवा तीनपानी बाईपास से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा से काॅलटैक्स तिराहा तक आ सकेंगी, वहीं से वापस की जायेंगी।
6. कालाढूंगी रोड से आने वाली सिडकुल/अन्य निजी बसें लालडांठ तक आ सकेंगी, वहीं से वापस की जायेंगी।
हल्के वाहनों हेतु प्लान
1. बरेली रोड से आने वाले एवं पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से डायवर्ट होकर गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम अपने गन्तब्य को जायेंगे।
जो वाहन शहर की ओर आ जाते है वे मंडी तिराहा से डायवर्ट होकर शनि बाजार होते हुए इन्द्रानगर कट से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से अपने गन्तब्य को जायेेंगे।
2. रामपुर रोड से आने वाले एवं पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन दिनेशपुर मोड (पंतनगर तिराहा) से एनएच 109 होते हुए नगला तिराहा से लालकुआं से बरेली रोड होते हुए तीनपानी से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा से अपने गन्तब्य को जायेंगे।
जो वाहन शहर हल्द्वानी की ओर आ जाते है व गन्ना सेंटर से डायवर्ट होकर बरेली रोड तीनपानी से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा से अपने गन्तब्य को जायेंगे व अन्य वाहन टीपी नगर तिराहा से डायवर्ट होकर बरेली रोड तीनपानी से डायवर्ट होकर गोलापार रोड होते हुए अपने गन्तब्य को जायेंगे।
3. कालाढूंगी रोड से आने वाले एवं पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले समस्त छोटे वाहन कालाढूंगी नैनीताल तिराहा से डायवर्ट होकर मंगोली होते हुए अपने गन्तब्य को जायेंगे और अन्य वाहन ऊंचापुल/लालडांठ तिराहा से डायवर्ट होकर पनचक्की तिराहा से काॅलटैक्स तिराहा होते हुए नारीमन तिराहा से अपने गन्तब्य को जायेंगे।
4. नैनीताल रोड से आने वाले एवं मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन नारीमन तिराहा काठगोदाम से डायवर्ट होकर गोलापार रोड होते हुए तीनपानी से अपने गन्तब्य को जायेंगे एवं कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन काॅलटैक्स तिराहा/हाइडिल तिराहा से डायवर्ट होकर पनचक्की तिराहा से चम्बल पुल होते हुए चम्बल पुल से ऊॅचापुल चैराहा होते हुए अपने गन्तब्य को जायेंगे।
जीरो जोन
वीआईपी कार्यक्रम के दौरान नैनीताल बैंक तिराहा से सौरव होटल तिराहा तक समस्त प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। इस बीच पड़ने वाले विभिन्न कटों से किसी भी प्रकार का वाहन मुख्य मार्ग में प्रवेश नहीं करेगा।
2. दोनहरिया तिराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा की ओर, पानी की टंकी तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर, कलावती चैराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर, तिकोनिया चौराहा से कैनाल रोड होते हुए कुल्यालपुरा चौराहा की ओर, डिग्री काॅलेज तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा की ओर व महारानी होटल तिराहा से सरस्वती रैस्टोरेंट तिराहा की ओर ट्रेंन्डस कट से चंदन हॉस्पिटल की ओर समस्त प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा।
जनसभा में सम्मिलित होने वाली बसों हेतु रूट प्लान एवं पार्किंग व्यवस्था
1. बरेली रोड से रैली में सम्मिलित होने वाली समस्त बसें तीनपानी फ्लाईओवर से सिंधी चौराहा से रोडवेज से तिकोनिया में कार्यकताओं को उतारकर पार्किंग हेतु बरेली रोड गांधी इंटर कॉलेज ग्राउण्ड में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
2. रामपुर रोड से रैली में सम्मिलित होने वाली समस्त बसें आईटीआई तिराहा से सिटी चौराहा होते हुए रोडवेज से तिकोनिया तिकोनिया में कार्यकताओं को उतारकर पार्किंग हेतु रामपुर रोड एचएन इंटर कॉलेज ग्राउण्ड में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
नोट-गांधी इंटर कॉलेज/एचएन इंटर कॉलेज पार्किंग भर जाने पर उक्त रोडों से आने वाली बसें उत्थान मंच हीरानगर में पार्क किया जायेगा।
3. काशीपुर/ रामनगर/कालाढूंगी की ओर से रैली में सम्मिलित होने वाली समस्त बसें लालडॉट तिराहा से मुखानी चौराहा से पनचक्की रोड में पानी की टंकी/ श्यामा गार्डन में कार्यकताओं को उतारकर सेंकेट हार्ट स्कूल (52 सीटर) / के०एन०वी०एन० प्रथम / द्वितीय एवं रावत पार्किंग में (संगम बैंकेट हॉल के सामने) वाहनों को पार्क करेंगे।
उक्त पार्किंग भर जाने पर महिला डिग्री कॉलेज के पीछे खाली प्लाटिंग एरिया में वाहनों को पार्क किया जायेगा।
4. भीमताल / नैनीताल चोरगलिया / सितारगंज/ खटीमा की ओर से रैली में सम्मिलित होने वाली समस्त बसें नारीमन तिराहा से कॉलटैक्स तिराहा से हाईडिल तिराहा होते हुए आवास विकास तिराहा पर कार्यकर्ताओं को उतार कर एल०आई०सी० पार्किंग / गणपति बैंकेट हॉल/वुड पेकर/ हाईडिल तिराहा के पास टैंकर पार्किंग / सेंट पॉल स्कूल (52 सीटर) निकट शीशमहल में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
ये सभी पार्किंग भर जाने पर नगर निगम इंटर कॉलेज में वाहनों को पार्क किया जायेगा।
रक्षा मंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत भवाली/भीमताल/ कैंची धाम क्षेत्रांतर्गत कंटीजेन्सी रूट के दृष्टिगत यातायात/डायवर्जन प्लान
भारी वाहनों का डायवर्जन (यथा मालवाहक/यात्री वाहन)
1- वीआईपी भ्रमण के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम )से वाया ज्यौलीकोट- गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जायेगा।
2- पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भवाली नया बाईपास- गेठीया- ज्यौलीकोट से होकर भेजा जायेगा।
छोटे वाहनों का डायवर्जन
1- वीआईपी भ्रमण के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम) से वाया ज्यौलीकोट- गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जायेगा।
2- पर्वतीय क्षेत्रो से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भवाली नया बाईपास- गेठीया- ज्यौलीकोट होकर भेजा जायेगा।
3- पिथौरागढ/चम्पावत की ओर से आने वाले समस्त प्रकार के वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट के 15 मिनट पहले खुटानी बैण्ड से 200 मीटर पीछे की ओर रोका जायेगा तथा वीवीआईपी के अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने के उपरान्त उक्त वाहनों को छोडा जायेगा।
4- वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कंटीजेन्सी मार्ग भीमताल मार्ग पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। जब वीवीआईपी फ्लीट घोडाखाल स्कूल से हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेगी भवाली/भीमताल मोटर मार्ग में जीरो जोन किया जाएगा।
5- घोड़ाखाल,रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहन जो हल्द्वानी अन्य मैदानी जनपदों को जाना चाहते है उन्हे वाया ज्यौलीकोट मोटर मार्ग से गंतव्य हेतु भेजा जायेगा।
6- वीवीआईपी के गंत्वय स्थान पर पहुंचने के उपरान्त यातायात को सामान्य किया जाएगा।
7- आमजनमानस से अनुरोध है कि उक्त तिथि को असुविधा से बचने के लिए दिये गये ट्रैफिक प्लान का अनुसरण कर अपनी यात्रा का सुभारंभ करें।
पार्किंग व्यवस्था-
1- उच्चाधिकारियों के वाहनो की पार्किंग घोडाखाल सैनिक स्कूल भोजनालय के पास स्थित मैदान मे की जायेगी।
2- जनता के वाहनों हेतु पार्किंग घोडाखाल मन्दिर के पास स्थित मैदान में की जायेगी।









