हल्द्वानी में चमक-दमक के पीछे छिपा काला सच: 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आधुनिक मॉल, चौड़ी सड़कों और चकाचौंध भरे बाजारों के लिए पहचाना जाने वाला हल्द्वानी शहर एक दूसरी स्याह तस्वीर भी अपने भीतर समेटे हुए है।

यह शहर साल-दर-साल व्यापार और रोजगार की आड़ में संचालित हो रही अनैतिक गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा है। शहर के गली-मोहल्लों और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सों में लगातार स्पा सेंटर खुल रहे हैं। यहां वास्तव में कितनी मसाज होती है, यह अलग विषय है, लेकिन देह व्यापार के मामलों में इन केंद्रों का नाम बार-बार सामने आ रहा है।

Ad

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इन गतिविधियों की जानकारी आम लोगों तक को होती है, तो क्या संबंधित विभाग और पुलिस इससे अनजान रहती है? कार्रवाई के नाम पर साल में एक-दो छापेमारी कर देने से क्या इस समस्या का समाधान संभव है? जिस स्पा सेंटर पर गुरुवार को कार्रवाई हुई, उसके बारे में भी लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों के संचालन की चर्चाएं होती रही हैं।

गुरुवार 11 जून की शाम एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स (तिकोनिया, हल्द्वानी) में संचालित ‘एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर’ पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर के भीतर अनैतिक देह व्यापार संचालित होता पाया गया।

कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। मौके से एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार मिला।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

1. नीरज सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम चिरखून, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली (हाल निवासी बद्रीश कॉलोनी, शिमला बाईपास रोड, देहरादून)।

2. कार्तिकेय गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता (26 वर्ष), निवासी 5/174, महावीर गंज-II, कोतवाली घूमना, फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश (हाल निवासी 207, द्वितीय तल, थाना वसुंधरा, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश)। पुलिस के अनुसार यह ग्राहक के रूप में स्पा सेंटर में मौजूद था।

3. पूनम पत्नी बल्लू (42 वर्ष), निवासी मकान संख्या 3634, गली लल्लू मिस्टर, कटरा करी गारन, सारय, खलील कुचा, चांदनी चौक, उत्तर दिल्ली (हाल निवासी निकट शिवा बेकरी, दमुआढूंगा, काठगोदाम, जिला नैनीताल)। पुलिस के अनुसार यह स्पा सेंटर की मैनेजर थी।

4. अतुल ठाकुर पुत्र संजय सिंह (22 वर्ष), निवासी राजेन्द्र नगर, वार्ड संख्या-04, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जिला नैनीताल। पुलिस के अनुसार यह वॉचर/लुकआउट का काम कर रहा था।

फरार स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल, निवासी सरस्वती कॉटेज, भट्ट कॉलोनी, हल्द्वानी।

इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा संख्या 196/2026 दर्ज किया गया है।

यह मामला केवल एक स्पा सेंटर तक सीमित नहीं है, बल्कि उस सामाजिक चुनौती की ओर भी इशारा करता है जो धीरे-धीरे शहर के भीतर जड़ें जमा रही है। कई मामलों में नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर युवतियों को इस धंधे में धकेला जाता है, जबकि कई बार रातों-रात अधिक कमाई की चाह भी इस दलदल का कारण बनती है।

सवाल यह है कि क्या ऐसी गतिविधियां एक स्वस्थ समाज के लिए गंभीर खतरा नहीं हैं? यदि शहर में लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं तो आखिर इन पर स्थायी रोक लगाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

What’s your Reaction?
+1
3
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें