
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। नगर पंचायत लालकुआं की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर बड़ा फैसला लिया गया। बैठक में ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण से बढ़ रही श्वास व कैंसर जैसी बीमारियों को गंभीरता से लेते हुए सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के प्रदूषण प्रबंधन को लेकर सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया। बोर्ड ने मिल प्रबंधन को इस संबंध में तलब कर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया। बैठक में 25 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया।
Video 🔴 👇
बैठक में मुख्य रूप से ध्वनि और वायु प्रदूषण से हो रही स्वास्थ्य समस्याओं पर चिंता जताई गई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को बुलाकर प्रदूषण नियंत्रण और उसके प्रभावों को लेकर विस्तृत जानकारी ली जाएगी तथा आवश्यक होने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इसके अलावा बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निष्प्रयोज्य भूमि पर गौशाला निर्माण और उसके संचालन, खरीद-फरोख्त से जुड़े भवनकर मामलों में नामांतरण प्रक्रिया, हाट बाजार क्षेत्र में बहुउद्देश्यीय कॉम्प्लेक्स निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
Video 🔴 👇
बैठक में नगर पंचायत को स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान मिलने पर नागरिकों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने, गर्मी के मौसम को देखते हुए वाटर कूलर स्थापित करने, तहसील गेट निर्माण, एमआरएफ सेंटर के विस्तार तथा मुख्य मार्गों के दोनों ओर सौंदर्यीकरण जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए।
साथ ही नगर के सभी वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बोर्ड के सभी सदस्य और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
Video 🔴 👇









