
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आम उपभोक्ता करे तो क्या करे कभी इस बहाने, कभी उस बहाने बिजली गुल होना अब जैसे नियति बन चुका है। साल भर कटौती झेलने के बाद अब जैसे ही गर्मियों की शुरुआत हुई है, बिजली संकट ने फिर दस्तक दे दी है।
एक बार फिर लोगों को राहत के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि आगामी 14 दिनों तक तय समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहने वाली है।
जमरानी बांध परियोजना के तहत नहरों के पुनर्निर्माण में बाधा बन रहे पेड़ों के कटान के कारण 8 से 23 अप्रैल तक रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी।
इस कटौती से सात बिजलीघरों से जुड़े करीब एक लाख की आबादी प्रभावित होगी, जिससे आम जनता को भीषण गर्मी में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
बिजली विभाग के अनुसार, जीआईएस उप संस्थान काठगोदाम, हाइडिल गेट, सुभाषनगर, रानीबाग, गौलापार, कालाढूंगी रोड चौराहा और 13 बीघा बिजलीघर से जुड़े कई इलाकों में आपूर्ति बाधित रहेगी। इनमें गायत्रीनगर, शीशमहल, काठगोदाम, कालीचौड़, नई बस्ती, धान मिल, मंडी, बरेली रोड, रामपुर रोड, नैनीताल रोड, गांधीनगर, स्टेशन रोड और दानीबंगर सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
विभाग का कहना है कि कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के लिए यह शटडाउन जरूरी है, लेकिन सवाल यह है कि हर बार विकास कार्यों की कीमत आम जनता को ही क्यों चुकानी पड़ती है। गर्मी के मौसम में दिन के सबसे अहम घंटों में बिजली कटौती से जहां घरों में लोगों का जीना मुश्किल होगा, वहीं कारोबार और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित होंगे।
इधर, सोमवार को भी कमलुवागांजा बिजलीघर के हरिनगर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से अपराह्न सवा चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
लगातार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।









