
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। अक्सर सड़क हादसों के बाद लोग मदद से ज्यादा मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में जुट जाते हैं, लेकिन नैनीताल के लोगों ने इंसानियत की एक शानदार मिसाल पेश की। यहां हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग बिना वक्त गंवाए घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। किसी ने वीडियो बनाने की बजाय इंसानियत निभाई, ऐसे मददगार लोगों की जितनी तारीफ की जाए, कम है।
मामला मल्लीताल क्षेत्र का है, जहां गुरुवार सुबह भाजपा के मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की अपने निजी कार्य से बाजार गए थे। बताया जा रहा है कि जब वे बीडी पांडे अस्पताल के पास अपने घर की ओर जाने के लिए मोटरसाइकिल मोड़ रहे थे, तभी मोहन को चौराहे की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया, जबकि नितिन कार्की मौके पर ही गिर पड़े। हादसा होते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद नितिन कार्की को मौके पर ही राहत मिल गई, जबकि तेज रफ्तार बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)









