नैनीताल: जनभावनाओं पर ‘टेंडर’ भारी? शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। जब गांव की आवाज उठती है, तो सिर्फ विरोध नहीं एक पूरे भविष्य की चिंता बोलती है। नैनीताल के बजून क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है।

ग्रामीणों का यह विरोध सिर्फ एक दुकान के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने गांव की शांति, सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की एक मजबूत आवाज के रूप में सामने आया है।

Ad

नैनीताल के बजूंन गांव क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया। इस दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों ने एडीएम विवेक राय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई।

नैनीताल- कालाढूंगी मार्ग पर स्थित खुर्पाताल, बजून और मंगोली क्षेत्र के ग्रामीणों ने चारखेत से लेकर नलनी-घटगढ़ के बीच सरकारी शराब की दुकान खोले जाने का कड़ा विरोध किया।

ग्रामीणों का कहना है कि 19 मार्च को जैसे ही इस प्रस्ताव की जानकारी अखबार के माध्यम से मिली, उसी समय जनप्रतिनिधियों ने विधायक को लिखित रूप में विरोध दर्ज करा दिया था। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया जारी रखना जनभावनाओं की खुली अनदेखी है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से महिलाओं की सुरक्षा पर असर पड़ेगा और बच्चों का भविष्य भी खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस प्रस्ताव को तत्काल रद्द किया जाए और टेंडर प्रक्रिया पर स्थायी रोक लगाई जाए।

इसके अलावा, ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापिका द्वारा लगाए गए कथित निराधार आरोपों और एक निजी समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर अब तक कोई कार्रवाई न होने पर भी नाराजगी जताई। इस संबंध में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्या देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान खुर्पाताल हंसी नेगी, ग्राम प्रधान अधौड़ा प्रेमा मेहरा, ग्राम प्रधान खमारी हेम बहुखंड़ी, ग्राम प्रधान जलाल गांव‌ खुशाल, ग्राम प्रधान गहलना कीर्ति आर्या, ग्राम प्रधान नलनी गोविन्द सिंह अधिकारी, कमला आर्या, मुकेश मेहरा, गौरव गोस्वामी, विजय गोस्वामी, विक्रम कनवाल, त्रिलोक राठौर, जीवन नेगी, गणेश बिष्ट, गणेश मेहरा, कुनाल बेदी, गीता पाण्डे, नीमा कनवाल, पुष्पा कनवाल, मंजू आर्या, मंजू बिष्ट, कांता, पुष्पा कनवाल, कविता कनवाल, जानकी, गीता बिष्ट सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें