सांसद हों तो ऐसे जो जनभावनाओं के साथ खड़े

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। राजनीति में अक्सर फैसले ऊपर से थोपे जाते दिखते हैं, लेकिन बहुत कम ऐसा देखने को मिलता है जब कोई जनप्रतिनिधि सच में जनता की भावना को समझते हुए खुलकर उसके पक्ष में खड़ा हो।

नैनीताल-उधम सिंह नगर से सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने एक ऐसा ही उदाहरण पेश किया है, जहां उन्होंने क्षेत्रीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए रातीघाट, मंगोली और बजून में प्रस्तावित शराब की दुकानों के खिलाफ आवाज उठाई है।

Ad

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीधे संवाद कर न केवल जनहित का मुद्दा उठाया, बल्कि यह भी दिखाया कि राजनीति केवल निर्णय लेने का नहीं, बल्कि जनता की नब्ज समझने का भी माध्यम है।

नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता और पत्राचार के माध्यम से जनपद नैनीताल के रातीघाट, मंगोली और बजून क्षेत्रों में प्रस्तावित विदेशी मदिरा की दुकानों को निरस्त करने की मांग की है।

सांसद भट्ट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इन क्षेत्रों में शराब की दुकान खोलने की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है, जिसका स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रातीघाट, मंगोली और बजून एक प्रमुख ग्रामीण बाजार क्षेत्र है, जहाँ आसपास के कई गांवों के लोग अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आते हैं। ऐसे में यहां मदिरा की दुकान खोले जाने से सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

उन्होंने विशेष रूप से चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ शहीद संजय बिष्ट के नाम से राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है। विद्यालयों के समीप शराब की दुकान खुलने से छात्र-छात्राओं के मानसिक और सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ सकता है, वहीं बाजार आने वाली महिलाओं को भी असुरक्षा और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अतिरिक्त, विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर भी इन स्थानों से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक और संवेदनशील क्षेत्र के निकट मदिरा की दुकान खोले जाने को जनभावनाओं के विपरीत बताया गया है।

सांसद भट्ट ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से भी इस विषय में वार्ता कर जनहित, सामाजिक मर्यादा और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित मदिरा दुकानों को निरस्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इधर, सांसद अजय भट्ट के इस हल्लाबोल की स्थानीय जनता भी सराहना कर रही है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें