
हल्द्वानी/मुरादाबाद, प्रेस 15 न्यूज। मुरादाबाद में हुए भीषण सड़क हादसे में नैनीताल बैंक के रीजनल मैनेजर दयाल रावत समेत हल्द्वानी के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही हल्द्वानी से लेकर ज्योलीकोट के सरियाताल तक शोक की लहर दौड़ गई।
सरियाताल ज्योलीकोट निवासी दयाल रावत ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर नैनीताल बैंक में क्लर्क के पद से नौकरी शुरू कर रीजनल मैनेजर तक का सफर तय किया था। वह इन दिनों दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में तैनात थे और रविवार को अपने गांव में नामकरण संस्कार में पहुंचे थे। सोमवार सुबह घर से वापस ड्यूटी पर लौटने के दौरान मुरादाबाद में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास रामपुर की ओर से आ रही कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने पांच में से चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान दयाल रावत निवासी अमरावती कॉलोनी हल्द्वानी और मूल निवासी सरियाताल ज्योलीकोट, अनिल नेगी (38), सुंदर (42) और भुवन भंडारी (37) निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। हादसे में घायल यशदीप पांडे, जो हल्द्वानी के रहने वाले और योगा टीचर हैं, का इलाज चल रहा है।
दयाल रावत अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है। उनके भतीजे और ग्राम प्रधान हरगोविंद रावत ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर देर रात तक पैतृक गांव सरियाताल पहुंचेगा। मंगलवार को चित्रशिला घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जान गंवाने वाले चारों लोगों ने ब्ला ब्ला एप से यशदीप की कार में सीट बुक कर नोएडा ड्यूटी जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने यशदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हल्द्वानी में आरटीओ ऑफिस के रहने वाले यशदीप पांडे(30) नोएडा में निजी स्कूल में योगा टीचर हैं। सुबह यशदीप ड्यूटी जा रहे थे।
उन्होंने ब्ला ब्ला एप पर अपनी कार टियागो की डिटेल शेयर कर दी थी। एप से हल्द्वानी के अमरावती कॉलोनी निवासी दयाल सिंह रावत, हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा निवासी भुवन भंडारी, हल्द्वानी के आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाले सुंदर सिंह और अनिल नेगी ने सीट बुक कर दी थीं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे यशदीप चारों लोगों को अपनी कार में बैठाने के बाद नोएडा के लिए रवाना हुए थे।









